
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने हल्द्वानी क्षेत्र के स्पा सेंटरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी मिलने पर छह स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
प्रभारी AHTU म0उ0नि0 सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्पा सेंटरों में अभिलेखों और कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन की जांच की। चेकिंग में कई सेंटरों के ग्राहक रजिस्टर में ग्राहकों का पूरा विवरण दर्ज नहीं मिला। इसके अलावा वहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था।
इन अनियमितताओं पर ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। सभी छह सेंटरों से कुल 30,000 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।
नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए और प्रत्येक ग्राहक का पूरा एवं सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने स्पा सेंटरों की निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।







