पिथौरागढ़ में 13 सड़क मार्ग बंद, बॉर्डर के तीन मार्ग भी प्रभावित बारिश से सड़कें क्षतिग्रस्त

बारिश का कहर,

पिथौरागढ़ में 13 सड़क मार्ग बंद, बॉर्डर के तीन मार्ग भी प्रभावित

बारिश से सड़कें क्षतिग्रस्त, कई स्थानों पर खोलने का काम जारी

पिथौरागढ़। जिले में लगातार बारिश के चलते रविवार को कुल 13 सड़क मार्ग बंद रहे। इनमें 10 ग्रामीण और तीन बॉर्डर सड़कें शामिल हैं। बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से लगातार काम किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से जारी सड़क स्थिति रिपोर्ट के अनुसार कई मार्ग रविवार शाम तक खोलने की संभावना है।

बॉर्डर क्षेत्र में धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग कुलागढ़ के पास सुबह पांच बजे से बंद है, जिसे सुबह 10 बजे तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग के किलोमीटर 76 पर मालघाट के पास सड़क बंद है। इसे सुबह 10:30 बजे तक खोलने का संभावित समय निर्धारित किया गया है। मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग किलोमीटर 22.24 पर भी मार्ग बंद है, जिसे शाम पांच बजे तक खोलने का लक्ष्य है।

ग्रामीण क्षेत्रों में ड्योरा-बारमू मोटर मार्ग के किलोमीटर 2.200 से 2.300 के बीच वॉशआउट होने से सड़क बंद है। सोबला-उमचिया मोटर मार्ग किलोमीटर पांच, होकरा-नामिक मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 और 15 तथा एलागाड़-जुम्मा मोटर मार्ग के किलोमीटर एक, दो और तीन पर भी यातायात बाधित है।

इसके अलावा घट्टाबगढ़-तांकुल, छेड़ा-आगर, छोटी पांगला-जयकोट कुरीला, बगीचा-सिन्याखोला, डीडीहाट-आदीचौरा-हुनेरा और बुंगाछीना-कुसैल मोटर मार्ग भी विभिन्न स्थानों पर बंद हैं। संबंधित विभागों की ओर से सभी स्थानों पर सड़क खोलने का कार्य प्रगति पर बताया गया है।

कुछ मार्गों के लंबे समय से बंद होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित है। रिपोर्ट के अनुसार सोबला-उमचिया मार्ग को 16 अगस्त, छोटी पांगला-जयकोट कुरीला मार्ग को 11 अगस्त तथा होकरा-नामिक मार्ग को 10 अगस्त तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है।

सम्बंधित खबरें