खाली ट्रक में बना रखा था गुप्त केबिन, वन विभाग ने पकड़ी 270 टिन अवैध लीसा की खेप

लिसा तस्करी,

नैनीताल। नैनीताल वन प्रभाग ने अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 270 टिन अवैध लीसा से भरे एक ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। तस्करों ने वन विभाग की जांच से बचने के लिए ट्रक के भीतर गुप्त केबिन तैयार किए थे, लेकिन वन विभाग की सतर्कता के चलते उनका यह प्रयास विफल हो गया। कार्रवाई के दौरान ट्रक को सीज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह कार्रवाई प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) आकाश गंगवार के निर्देश पर अवैध वन उपज की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान के दौरान मनोरा रेंज की वन विभाग टीम ने रानीबाग बैरियर पर वाहन संख्या यूके-18 सीए-4432 को जांच के लिए रोका।

प्रारंभिक जांच में ट्रक पूरी तरह खाली दिखाई दिया, जिससे पहली नजर में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि का आभास नहीं हुआ। हालांकि वन कर्मियों को वाहन पर संदेह होने पर उसकी गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में बनाए गए विशेष गुप्त केबिनों का पता चला। जब इन केबिनों को खोला गया तो उनमें से 270 टिन अवैध लीसा बरामद हुआ। इसके बाद वन विभाग ने तत्काल ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) ममता चंद ने बताया कि मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 तथा उत्तर प्रदेश लीसा एवं अन्य वन उपज नियमावली, 1976 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध लीसा की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में एसडीओ ममता चंद, रेंज अधिकारी नितिन पंत सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। वन विभाग ने कहा है कि अवैध वन उपज के परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगलों की संपदा की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

सम्बंधित खबरें