बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से हड़कंप, वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू; शिकायतकर्ता बोले- ‘मेरे पास सबूत हैं’

बदरीनाथ धाम,

देहरादून/बद्रीनाथ। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर शिकायतकर्ता संदीप खत्री अपने आरोपों पर कायम हैं और उनका दावा है कि कथित घटना में मंदिर समिति के अध्यक्ष के निजी सचिव की भूमिका है तथा उनके पास इसके पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।

 

संदीप खत्री का कहना है कि उन्होंने पूरे मामले से जुड़े साक्ष्य संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने की बात कही है। उनका आरोप है कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

 

वहीं, हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच निष्पक्ष होगी और यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस मामले के सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है। बद्रीनाथ धाम जैसे देश के प्रमुख तीर्थस्थल में चढ़ावे से जुड़े आरोपों ने मंदिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।

 

(नोट: फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।)

सम्बंधित खबरें