ब्रेकिंग-: लीसा की बड़ी तस्करी, 480 कनस्तर लीसा वन विभाग ने पकड़ा ।

लिसा तस्करी,

वन प्रभाग की बड़ी कार्रवाई: 480 टिन अवैध लीसा बरामद, कैंटर जब्त, परिचालक गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर वन विभाग ने की नाकेबंदी, चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार, तलाश जारी

रामनगर/बन्नाखेड़ा। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से 480 टिन अवैध लीसा (रेजिन) बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि परिचालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। वन विभाग ने वाहन समेत बरामद लीसा को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रभागीय वन अधिकारी तराई पश्चिमी प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कैंटर संख्या UK19CA0856 रानीखेत-भिकियासैंण से बेतालघाट और रामनगर होते हुए बन्नाखेड़ा की ओर आ रहा है तथा उसमें अवैध लीसा ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा के निर्देश पर उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में टीम गठित कर बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव-नयागांव बरहैनी मार्ग पर नाकेबंदी की गई। साथ ही बरहैनी रेंज के कर्मचारियों को भी सतर्क कर दिया गया।

करीब 10:30 बजे वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध कैंटर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से बरहैनी की ओर मोड़कर भागने लगा। वन विभाग की टीम ने बरहैनी रेंज के कर्मचारियों के साथ पीछा किया। कुछ दूरी पर चालक ने वाहन जंगल किनारे छोड़ दिया और परिचालक के साथ जंगल की ओर भागने लगा। इस दौरान चालक फरार हो गया, जबकि टीम ने परिचालक को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी में ऊपर फूड क्रेट लदे मिले। इन्हें हटाने पर नीचे काली पन्नी से ढके 480 टिन लीसा बरामद हुए। परिचालक से लीसा के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।

वन विभाग ने कैंटर और 480 टिन लीसा को विभागीय अभिरक्षा में लेकर रेंज कार्यालय बन्नाखेड़ा भेज दिया है। मामले में वन अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।

कार्रवाई में शामिल प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी:

उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला, वन आरक्षी दीपक नेगी, महेश चंद्र आर्या, कार्यालय सहायक युवराज सिंह चुफाल, चालक किशन सिंह तथा बरहैनी रेंज से ठाकुर दत्त ध्यानी, विनोद चंद्र जोशी, बिंदिया कोहली, नीरज रौतेला और जगमोहन शामिल रहे

सम्बंधित खबरें