
हरियाणा के अंबाला से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर जालसाजों ने खुद को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताकर एक व्यक्ति से करीब 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित जनक दास के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर जितेंद्र सिंह शेरगिल ने उन्हें सस्ते दाम पर एक प्लॉट दिलाने और भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले भरोसा जीतने के लिए फर्जी ग्राहक और नकली सौदे का नाटक रचा, फिर करोड़ों की डील का सपना दिखाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए।
मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब कमल गुप्ता नामक व्यक्ति ने खुद को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का दामाद बताकर पीड़ित का विश्वास जीतने की कोशिश की। आरोप है कि उसने सौदे को असली साबित करने के लिए नकदी भी दिखाई और जमीन खरीदने का दबाव बनाया।
झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपियों के खाते में लाखों रुपये ट्रांसफर कर दिए और बड़ी रकम नकद भी सौंप दी। बाद में जब जमीन की वास्तविक कीमत की जांच की गई तो पता चला कि जिस भूमि को महंगे सौदे के रूप में बेचा गया था, उसकी बाजार कीमत कहीं कम थी।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर अंबाला पुलिस ने जितेंद्र सिंह शेरगिल, जसविंद्र कौर उर्फ रीना, राजवीर सिंह शेरगिल, रणवीर सिंह शेरगिल और कमल गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






