
देहरादून। देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने खुलासा किया है. साथ ही पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से घटना में चोरी की गई करीब 6 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद हुई है. आरोपियों ने चोरी की गई ज्वेलरी को गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया था. गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी पर पहले में आपराधिक घटनाओं के आधा मुकदमे दर्ज हैं।
बता दें 16 जून 2026 को कामनी देवी निवासी हरबंजवाला ने कोतवाली पटेल नगर पर शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से ज्वेलरी और नकदी चोरी कर ली है. तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेल नगर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पटेल नगर स्तर से पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने घटना स्थल, उसके आस-पास और आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी जुटाई. जिसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान चोटियाबाबा मन्दिर पट्टियों पटेल नगर के पास से दो आरोपी शुभम पवांर उर्फ गोलू और सोनू उर्फ सादिक को घटना में चोरी की गई अंगूठी, नगदी व घटना में प्रयोग स्कूटी सहित गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया उन्होंने ज्वेलरी को चकराता रोड स्थित एक गोल्ड लोन फाइनेंस कम्पनी में गिरवी रख उस पर लोन लिया है. दोनों आरोपियों को फाइनेंस कंपनी में ले जाकर चोरी की गई ज्वेलरी बरामद की गई।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया दोनों आरोपी नशे के आदी हैं. अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया. गिरफ्तार आरोपी शुभम पंवार पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है. उसके खिलाफ पहले में भी करीब आधा दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैं।







