
नई दिल्ली। NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन को अनुमति मिल गई है।
प्रदर्शन का आह्वान करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने समर्थकों और छात्रों से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शांतिपूर्ण तरीके से शुरू होगा।
देशभर से जुटने लगे छात्र-युवा
ग्राउंड रिपोर्ट्स के अनुसार प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया है। विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी दिल्ली पहुंच रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए उत्तराखंड समेत कई राज्यों के छात्र और युवा भी राजधानी पहुंचे हैं।
आंदोलन से जुड़े छात्र संगठनों का कहना है कि वे परीक्षा प्रणाली से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। वहीं, प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर जोर
आयोजकों ने प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने की अपील की है। सोशल मीडिया के माध्यम से समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने और कानून व्यवस्था का सम्मान करने का आग्रह किया गया है।









