
हल्द्वानी। शहर के मंगल पड़ाव स्थित नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक में बुधवार को अचानक आग लगने से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तत्काल पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से बैंक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए।
घटना के बाद बैंक परिसर का निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।









