बैंक ऑफ बड़ौदा में 86 पदों पर भर्ती, 1 लाख से ज्यादा मिलेगी सैलरी

बैंक ऑफ बड़ौदा।

नई दिल्ली। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने क्रेडिट एनालिस्ट और कॉरपोरेट एंड इंस्टीट्यूशनल क्रेडिट (C&IC) रिलेशनशिप से जुड़े विभिन्न मैनेजर पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 86 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 6 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बैंक की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 16 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन कर सकेंगे। बैंक ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

भर्ती अभियान के तहत मैनेजर (क्रेडिट एनालिस्ट) के 4 पद, सीनियर मैनेजर (क्रेडिट एनालिस्ट) के 38 पद, चीफ मैनेजर (क्रेडिट एनालिस्ट) का 1 पद, सीनियर मैनेजर (C&IC रिलेशनशिप) के 36 पद तथा चीफ मैनेजर (C&IC रिलेशनशिप) के 7 पद भरे जाएंगे। इस प्रकार कुल 86 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त फाइनेंस में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा अथवा सीए (CA), सीएमए (CMA), सीएस (CS) या सीएफए (CFA) जैसी प्रोफेशनल योग्यता भी आवश्यक होगी।

आयु सीमा पद के अनुसार निर्धारित की गई है। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 25 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा। मैनेजर (MMG/S-II) पद के लिए वेतनमान 64,820 रुपये से 93,960 रुपये तथा सीनियर मैनेजर (MMG/S-III) पद के लिए 85,920 रुपये से 1,05,280 रुपये तक निर्धारित किया गया है।

चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन (यदि आवश्यक हुआ) और पर्सनल इंटरव्यू शामिल होंगे। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 850 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों के लिए 175 रुपये शुल्क तय किया गया है।

उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट के करियर सेक्शन में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सम्बंधित खबरें