
हल्द्वानी में सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ फोटो पोस्ट कर दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। इंस्टाग्राम पर वायरल होने की चाह में युवक द्वारा हथियार के साथ रील बनाकर पोस्ट डालना उसे भारी पड़ गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने 1 अप्रैल 2026 को क्रियाशाला मंदिर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी अंश खत्री उर्फ अक्की (19 वर्ष), पुत्र भानु प्रताप सिंह खत्री, मूल निवासी अम्बेडकरनगर शिवपुरी, थाना कठघर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गौला गेट, राजपुरा, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता, कांस्टेबल ललित नाथ, कांस्टेबल धीरेन्द्र अधिकारी शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।









