हल्द्वानी : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से सुनियाकोट (बड़गांव), अल्मोड़ा निवासी हेमंत परिहार (19) पुत्र राजेंद्र परिहार, मुखानी क्षेत्र के भगवानपुर केसर कॉलोनी में अपने ताऊ के घर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह रोज की तरह घर से बाहर घूमने गया था। वापस लौटने के बाद उसने पानी पिया और अपने कमरे में चला गया।

काफी देर तक जब हेमंत कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो हेमंत का शव पंखे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।

परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर हेमंत को नीचे उतारा और इलाज के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल और मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।

गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अल्मोड़ा स्थित पैतृक गांव ले जाएंगे।

सीओ सिटी अमित सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल छात्र द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

हेमंत अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

सम्बंधित खबरें