खटीमा: मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, दिव्यांगों-वरिष्ठ नागरिकों को बांटे सहायक उपकरण; महिला समूहों को दी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी,

 

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिक की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है और शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान मिलेगा।

जनसुनवाई के बाद मुख्यमंत्री ने खटीमा कैंप कार्यालय में सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण प्रदान किए। वितरित किए गए उपकरणों में 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां, इसके अलावा वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर जैसे अन्य सहायक उपकरण शामिल रहे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

 

सम्बंधित खबरें