हल्द्वानी में सुबह-सुबह बुजुर्ग महिला बनी स्नैचर्स का शिकार, CCTV में कैद हुई वारदात

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत हिम्मतपुर में गुरुवार सुबह-सुबह झपटमारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए दो बेखौफ स्नैचर्स उनके कान से सोने के झुमके (कुंडल) नोचकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर निवासी बुजुर्ग महिला गुरुवार सुबह करीब 6:15 बजे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। घटना के सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो संदिग्ध युवक पहले से ही रास्ते में एक घर के बाहर बैठे हुए थे। जैसे ही महिला वहां से आगे बढ़ीं, दोनों युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

मौका मिलते ही एक बदमाश ने पीछे से महिला पर झपट्टा मारा और उनके कानों में लटके सोने के कुंडल नोच लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर झपटमार तुरंत मौके से रफूचक्कर हो गए

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस हरकत में आई। मुखानी थाने के इंस्पेक्टर सुशील जोशी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सम्बंधित खबरें