

यदि आपकी भारतीय जीवन बीमा निगम की पॉलिसी किन्हीं कारणों से कालातीत (लैप्स) हो गई है, तो इसके पुनर्चालन का एक और मौका आपके पास है। एलआईसी की तरफ से पॉलिसियों के पुनर्चालन के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। अधिकतम पांच साल की अवधि से बंद पड़ी पॉलिसियों का पुनर्चालन किया जा सकता है। पहले चरण में 5 हजार तक सलाना किस्त वाली लैप्स पॉलिसियों का पुनर्चालन किया जाएगा। विलंब शुल्क में भी छूट प्रदान की जाएगी।
एलआईसी की तरफ से विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो 29 फरवरी तक जारी रहेगा। एलआईसी सब डिविजन कार्यालय हल्द्वानी के ग्राहक संबंध प्रबंधन (सीआरएम) जेआर टम्टा ने बताया कि पहले चरण में 5 हजार तक सलाना किस्त वाली बंद पड़ी पॉलिसियों का पुनर्चालन किया जा सकता है, जो पहले साल में ही किस्त जमा न कर पाने के कारण बंद हो गईं हों। साथ ही पॉलिसी लैप्स की अवधि पांच साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। पालिसी के पुनर्चालन पर पॉलिसी धारक को ब्याज में 30 प्रतिशत तक छूट प्रदान की जाएगी, जबकि पूर्ण बोनस मिलेगा।









