
तिकोनिया स्थित स्पा सेंटर में पुलिस का छापा, कई युवक-युवतियां हिरासत में
हल्द्वानी। शहर के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर पर गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। कार्रवाई एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम (AHTU) द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार स्पा सेंटर में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें पुलिस को प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से तीन पुरुषों समेत कई युवतियों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है।
छापेमारी के दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित सैनी, कोतवाल विजय मेहता सहित पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा मौके पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।








