लालकुआं में तेज रफ्तार वाहन का कहर, व्यक्ति की मौत

लालकुआं-हल्दूचौड़ मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 44 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक हाईवे पार कर रहा था, तभी हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:45 बजे बबूर गुमटी के समीप नरूला प्लॉट में चालक एवं चौकीदार के रूप में कार्यरत प्रेम सिंह (44) सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की तरफ से आ रहे एक तेज गति वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल प्रेम सिंह को मृत्यु की पुष्टि के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही गिर गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सड़क पर खून से लथपथ प्रेम सिंह को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

 

 

सम्बंधित खबरें