
हैदराबाद, 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित योनेक्स सनराईज ऑल इंडिया सबजूनियर रेंकिंग बेडमिंटन प्रतियोगिता 2026 अंडर -15 व अंडर -17 (Yonex-Sunrise All India Sub Junior (U-15 एवं U-17) Ranking Badminton Tournament 2026) में उत्तराखण्ड के युवा शटलरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण एवं 2 कांस्य पदक सहित कुल 4 पदक जीतकर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
अंडर-15 बॉयज़ सिंगल्स वर्ग में देहरादून ,उत्तराखण्ड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आदित्य नेगी ने फाइनल मुकाबले में गौतम एस. नायर को 21-14, 21-8 से पराजित कर शानदार अंदाज में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं अंडर-17 गर्ल्स डबल्स स्पर्धा में अलीशा भंडारी एवं शुभांगी चौधरी की जोड़ी ने फाइनल में अनुष्का जेनिफर ए. एस. एवं धीशिता सिंघा गोपीनाथ सिंह की जोड़ी को 17-21, 21-10, 21-14 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
इसके अतिरिक्त, हल्द्वानी के तनमय वर्मा एवं आदित्य नेगी की जोड़ी ने अंडर-15 बॉयज़ डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक तथा हल्द्वानी की आराध्या बिष्ट एवं दिल्ली की श्रेया की जोड़ी ने अंडर-17 गर्ल्स डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उत्तराखण्ड के पदक अभियान को और सशक्त बनाया तथा राज्य का गौरव बढ़ाया।
उत्तराखण्ड राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि राज्य में बैडमिंटन के निरंतर विकास, खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम एवं प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी।
उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष अलकनंदा अशोक समेत सभी उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार , खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को उनकी शानदार सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड और देश का नाम रोशन करेंगे।
उत्तराखण्ड के पदक विजेता
आदित्य नेगी – अंडर-15 बॉयज़ सिंगल्स – स्वर्ण
अलीशा भंडारी एवं शुभांगी चौधरी – अंडर-17 गर्ल्स डबल्स – स्वर्ण
तनमय एवं आदित्य – अंडर-15 बॉयज़ डबल्स – कांस्य
आराध्या एवं श्रेया – अंडर-17 गर्ल्स डबल्स – कांस्य
उत्तराखण्ड के युवा शटलरों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने राज्य का नाम राष्ट्रीय बैडमिंटन जगत में गौरवान्वित किया है।








