होटल के कमरे में महिला का शव मिलने से सनसनी, परिवार ने हत्या का लगाया आरोप

लव जिहाद,

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के लंगर हाउस क्षेत्र स्थित एक होटल में 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में महिला का शव पंखे से लटका मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रेणुका के रूप में हुई है। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, रेणुका कुकटपल्ली स्थित एक क्लब में डांसर के रूप में कार्यरत थी और बोलाराम की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी तथा उसका सात वर्षीय बेटा है। हालांकि, वह पिछले कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेणुका गुरुवार रात गोलकोंडा निवासी फारूक शेख के साथ होटल में ठहरी थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने होटल में चेक-इन करने के बाद भोजन मंगवाया। फारूक का कहना है कि वह बाद में एक समारोह में शामिल होने के लिए होटल से बाहर चला गया था। लौटने पर उसने रेणुका को कमरे में फंदे से लटका देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फारूक शेख को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेजा गया है।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और संबंधित लोगों के बयान जुटाए जा रहे हैं। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत आत्महत्या थी या फिर उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपुष्ट दावों और अफवाहों से बचने की अपील की है।

सम्बंधित खबरें