
हल्द्वानी की वर्षा जोशी ने UKPSC में किया कमाल, पूरे उत्तराखंड में हासिल की दूसरी रैंक
हल्द्वानी आईटीबीपी के जवान की बेटी ने मेहनत और लगन से रचा सफलता का इतिहास, युवाओं से बोलीं— लक्ष्य तय करें, निरंतर मेहनत करें
हल्द्वानी शहर की बेटी वर्षा जोशी ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) परीक्षा में पूरे प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और शहरवासियों में खुशी की लहर है। साधारण परिवार से आने वाली वर्षा की सफलता मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की मिसाल बन गई है।
वर्षा जोशी ने अपनी स्कूली शिक्षा बीरशेवा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी से प्राप्त की, जबकि उच्च शिक्षा एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से पूरी की उनके पिता केवलानंद जोशी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में उपनिरीक्षक (SI) के पद पर तैनात हैं, जबकि माता दीपा जोशी गृहिणी हैं। मूल रूप से बागेश्वर निवासी वर्षा ने सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और निरंतर अध्ययन के दम पर यह मुकाम हासिल किया।अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को देते हुए वर्षा जोशी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से अपील की कि वे लक्ष्य तय कर धैर्य और अनुशासन के साथ तैयारी करें। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। यदि छात्र निरंतर मेहनत, सही रणनीति और आत्मविश्वास के साथ प्रयास करें तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।









