हल्दूचौड़ में बड़ी चोरी: 8 लाख के जेवर और 25 हजार नकद लेकर फरार हुए नकाबपोश

लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ चौकी अंतर्गत ग्राम दुर्गापालपुर परमा फेस-1 में हुई बड़ी चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर होने के कारण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, मकान स्वामिनी कमला बिष्ट इन दिनों बेंगलुरु में अपने बड़े बेटे के पास गई हुई हैं। उनका छोटा बेटा नितिन बिष्ट रविवार को अपनी ताई के घर हल्द्वानी गया था और रात वहीं रुका था। सोमवार को घर लौटने पर उसने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था तथा दो अलमारियों के लॉकर टूटे मिले, जिनसे लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब थी।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन नकाबपोश व्यक्ति दिखाई दिए हैं। फुटेज के अनुसार तीनों आरोपी लोहे की रॉड लेकर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और काफी देर तक घर की तलाशी लेते रहे। इसके बाद उन्होंने अलमारियों के लॉकर तोड़कर कीमती सामान समेट लिया और मौके से फरार हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि कैमरा तोड़ने से पहले उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो चुकी थीं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पीड़ित नितिन बिष्ट की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।

वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना आवश्यक है।

यह घटना नवनियुक्त चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ के लिए पहली बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं और सभी को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

सम्बंधित खबरें