चार करोड़ के नकली नोटों से भरा बैग बरामद, ‘चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया’ छपे नोट मिले

रुद्रपुर। कोतवाली गदरपुर पुलिस ने एक खोखे से असली और नकली नोटों से भरा बैग बरामद किया है। बरामद नोटों में 10 हजार के असली नोट, 39 नकली नोट नकली और शेष चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया अंकित हुए नोट मिले हैं।

मामले में पुलिस ने बाजपुर और गदरपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक आरोपी फरार है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है। वहीं नकली नोटों की छपाई यूपी में होने की संभावना जताई जा रही है। इसमें यूपी की एक महिला का नाम सामने आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर किस उद्देश्य से यह नोट छपाए गए और कहां इन्हें खपाया जाना था। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गदरपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान बैग से भारी मात्रा में नकली और असली नोट बरामद हुए। इनमें से करीब 4 करोड़ 4 लाख के चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया छपे हुए नोट मिले। जबकि 10 हजार रुपये के असली और 39 नोट नकली मिले। जांच में पुलिस भी उस समय हैरान रह गई जब कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट और नीचे नकली और ‘चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया’ लिखे हुए नोट मिले।

बरामदगी में 500 रुपये के नोटों की कई गड्डियां, एक बैग में भरे नकली नोट तथा मिश्रित असली-नकली नोट शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में कोतवाली गदरपुर में धारा 179/180/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नंबर 6 बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज शामिल हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए और किन क्षेत्रों में इन्हें खपाने की योजना थी। एसएसपी अजय गणपति ने कहा पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम में एसएचओ भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण, रघुवर सिंह, अमित देवरानी शामिल रहे।

पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी में 500 रुपये के 18 गड्डियां शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक गड्डी में 200-200 नकली नोट पाए गए। इसके अलावा 20 गड्डियों में ऊपर असली तथा नीचे नकली नोट रखे गए थे। वहीं 22 गड्डियों में अधिकांश नोटों पर ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ अंकित मिला। जांच के दौरान 12 अन्य गड्डियों में भी ऊपर असली एवं नीचे नकली नोट बरामद हुए। इसके अतिरिक्त 15 गड्डियों में मुख्य नोट असली जबकि नीचे रखे गए नोट नकली पाए गए। पुलिस ने एक काले-सफेद धारीदार बैग से भी 500-500 रुपये के 157 गड्डी नकली (चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया लिखे) नोट बरामद किए हैं। मामले में पुलिस जांच कर रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।

 

सम्बंधित खबरें