
काठगोदाम/लालकुआं। दिल्ली मंडल के दिल्ली यार्ड में मरम्मत एवं विकास कार्य के चलते अगस्त माह में काठगोदाम से संचालित एक प्रमुख ट्रेन के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
रेलवे के अनुसार 5 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक दिल्ली यार्ड में पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण गाड़ी संख्या 15014 काठगोदाम–जैसलमेर एक्सप्रेस का संचालन 5, 6 और 7 अगस्त 2026 को परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
इन तिथियों में यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग गाजियाबाद–दिल्ली–दिल्ली सराय रोहिल्ला के बजाय गाजियाबाद–नई दिल्ली–दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन का दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 04651 जयनगर–अमृतसर स्पेशल भी 7 अगस्त 2026 को परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी। यह ट्रेन भी गाजियाबाद–नई दिल्ली–सब्जी मंडी मार्ग से चलेगी और दिल्ली स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।









