अल्मोड़ा में फर्जी TET प्रमाणपत्र कांड, तीन सहायक शिक्षक निलंबित

जांच में टीईटी प्रमाणपत्र फर्जी मिलने पर शिक्षा विभाग ने तीन सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शिक्षक भर्ती से जुड़ा एक मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग की जांच में तीन सहायक शिक्षकों के टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) प्रमाणपत्र सही नहीं पाए गए। इसके बाद विभाग ने तीनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी है।

यह मामला भैसियाछाना विकासखंड के तीन सरकारी प्राथमिक विद्यालयों से जुड़ा है। इन विद्यालयों में इसी वर्ष सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की गई थी। कुछ समय पहले विभाग को शिकायत मिली कि भर्ती के दौरान प्रस्तुत किए गए कुछ टीईटी प्रमाणपत्र संदिग्ध हैं।

शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराया। जांच के लिए प्रमाणपत्र परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था के पास भेजे गए। सत्यापन रिपोर्ट में तीन शिक्षकों के प्रमाणपत्र अमान्य पाए गए। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस और आरोप पत्र भी जारी किए गए हैं। अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेज देखने में पूरी तरह वास्तविक प्रतीत हो रहे थे…लेकिन तकनीकी और आधिकारिक सत्यापन के दौरान उनकी वैधता की पुष्टि नहीं हो सकी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें