उत्तराखंड: जंगल सफारी के दौरान टाइगर के बेहद करीब ले गया जिप्सी, वाहन चालक,जिप्सी पर हुई यह कार्यवाही

Jungal Safari Ramnagar,

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो जोन में जंगल सफारी के दौरान लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक सफारी जिप्सी को बाघ के बेहद करीब ले जाते हुए देखा गया, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वाहन बाघ को टक्कर भी मार सकता था। घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 11 जून की शाम की सफारी के दौरान फाटो जोन के एक वन मार्ग पर बाघ दिखाई दिया था। आरोप है कि पर्यटकों को बाघ का नजदीकी दर्शन कराने के उद्देश्य से जिप्सी चालक ने वाहन को तेज गति से बाघ की ओर बढ़ा दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिप्सी बाघ के बेहद करीब पहुंच गई, जिसके चलते बाघ को रास्ता छोड़कर हटना पड़ा।

तराई पश्चिमी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही जांच शुरू कर दी गई थी। जांच में वायरल वीडियो को सही पाया गया। उन्होंने कहा कि यदि बाघ समय रहते रास्ते से नहीं हटता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जांच के दौरान जिप्सी चालक की पहचान रामनगर निवासी जुबेर के रूप में हुई। वन विभाग ने उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे फाटो जोन में हमेशा के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही संबंधित सफारी जिप्सी का पंजीकरण भी निरस्त कर दिया गया है।

वन विभाग ने सभी सफारी संचालकों और चालकों को निर्देश दिए हैं कि जंगल सफारी के दौरान बाघ सहित अन्य वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन न केवल वन्यजीवों के लिए खतरा पैदा करता है, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा को भी गंभीर जोखिम में डाल सकता है।

 

सम्बंधित खबरें