
हल्द्वानी। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को भूत-प्रेत का भय और सम्मोहन का झांसा देकर करीब तीन लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद महिला बदहवास हालत में परिजनों के पास पहुंचीं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, काशीपुर के कुंडेश्वरी निवासी 70 वर्षीय शांति जोशी 14 अगस्त को अपने भाई गणेश जोशी के घर लामाचौड़ आई थीं। 19 अगस्त को वह ब्लॉक-भगवानपुर रोड स्थित अपने जेठ के घर से बेरीपड़ाव में अपने चाचा के घर जाने के लिए निकली थीं।
बताया गया कि ई-रिक्शा से कालाढूंगी रोड स्थित कालू सिद्ध मंदिर चौराहे के पास पहुंचने पर तीन युवक उनके पास आए। आरोप है कि युवकों ने महिला को बताया कि उनके ऊपर भूत-प्रेत का साया है। इसी दौरान एक युवक ने खुद के साथ भी ऐसी परेशानी होने और किसी बाबा द्वारा ठीक किए जाने की बात कहकर महिला को अपनी बातों में उलझा लिया।
नवाबी रोड ले गए, फिर उतरवाए जेवर
महिला के अनुसार, तीनों युवक उन्हें अपने साथ नवाबी रोड की ओर ले गए और एक दुकान के पास बैठा दिया। आरोप है कि वहां बदमाशों ने डर का माहौल बनाकर उनके कान के कुंडल, गले का मंगलसूत्र और करीब 1200 रुपये नकद अपने कब्जे में ले लिए।
महिला ने बताया कि घटना के दौरान परिजन लगातार उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें फोन उठाने नहीं दिया। वारदात के बाद महिला किसी तरह अपने भाई और अन्य परिजनों तक पहुंचीं और पूरी घटना बताई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन महिला को लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।









