सड़क हादसा नहीं, सुनियोजित हत्या थी: जसपुर पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

Uttrakhand police,

जसपुर। ठाकुरद्वारा चुंगी के पास हुए जिस सड़क हादसे को शुरुआत में एक सामान्य दुर्घटना माना जा रहा था, वह दरअसल पुरानी रंजिश में रची गई सुनियोजित हत्या निकली। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली गई है।

 

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खेड़ा रोड पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो नहर में गिरी मोटरसाइकिल मिली, लेकिन घायल युवक वहां नहीं मिले। अगले दिन घायल नितिन कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद मृतक के पिता बनारसी दास ने कोतवाली जसपुर में तहरीर देकर दावा किया कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई हत्या की साजिश थी।

 

तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल के साक्ष्य, तकनीकी जांच और लगातार की गई छानबीन के बाद पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली गई।

 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले उनका नितिन और उसके साथियों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने नहर रोड पर मोटरसाइकिल का पीछा किया और जान से मारने की नीयत से कार से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी वे मौके से फरार हो गए ताकि पूरी घटना सड़क दुर्घटना लगे।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जबकि दूसरे आरोपी जाकिर गुज्जर का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

सम्बंधित खबरें