
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गैंगवार और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथियों सुमित राठौर और चंदन लाल को भी दबोच लिया गया, जबकि निरंजन टाकुली उर्फ नीरू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित विशेष टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी बिना नंबर की रेनॉल्ट क्विड कार से डिबडिबा क्षेत्र में प्रतिद्वंद्वी पर हमला करने जा रहे हैं। जाफरपुर कट पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। पीछा करने पर उनकी कार यूनिटी लॉ कॉलेज के पास अनियंत्रित होकर रुक गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जितेन्द्र चौधरी के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखे, बिना नंबर की कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के अनुसार जितेन्द्र चौधरी पर हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।








