कलसिया पुल के पास अवैध निर्माण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चला बुल्डोजर

काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के पास सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों की मदद से पुल के आसपास किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश और बरसात के चलते कलसिया पुल की स्थिति खराब होने के बाद वर्तमान में यातायात व्यवस्था वैकल्पिक बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है। यह पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए इसके स्थायी निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

सोमवार को हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम, प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने अवैध रूप से खड़ी की गई इमारतों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर पुल निर्माण के लिए आवश्यक भूमि को खाली कराया।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि मानसून शुरू होने से पहले स्थायी पुल निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी

सम्बंधित खबरें