
उत्तर प्रदेश में पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए 1645 हिंदू परिवारों के लिए 1 जून का दिन बेहद अहम होने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान इन सभी परिवारों को ‘भूमिधरी अधिकार पत्र’ (जमीन का मालिकाना हक) सौंपेंगे।कार्यक्रम में देश की सेवा कर चुके वीर जवानों को भी सम्मानित किया जाएगा। सरकार 50 पूर्व सैनिकों-लीजधारकों को भी भूमिधरी अधिकार पत्र देगी।
सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने का लक्ष्य
सरकार का मुख्य उद्देश्य इन विस्थापित और वंचित परिवारों को नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में सुरक्षा, सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है, जिससे उनका भविष्य बेहतर हो सके।
कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं द्वारा संचालित ‘विदुर प्रेरणा कैफे’ का भी उद्घाटन करेंगे।सीएम योगी प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को आवंटन पत्र और चेक वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले अप्रैल में लखीमपुर खीरी में बांग्लादेश से विस्थापित 331 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित कर चुके हैं। इसके अलावा चंदन चौकी (पलिया) में आयोजित कार्यक्रम में नदियों के भूमि क्षरण से प्रभावित पूर्वी उत्तर प्रदेश के 2350 परिवारों एवं थारू जनजाति के 4356 परिवारों को भौमिक अधिकार पट्टों का आवंटन किया था।









