
देहरादून। देहरादून के सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक के हिंदू बनकर युवती का यौन उत्पीड़न करने और उसपर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने विकासनगर की पहाड़ी गली निवासी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि सोमवार को एक युवती ने तहरीर दी थी। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की। शादी का झांसा देकर उसने उनसे शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह उनपर पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगा। आरोपी ने युवती की तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। साथ ही, जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए महिला उपनिरीक्षक सुधा बिष्ट के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।









