उत्तराखंड: पिंडारी ट्रेकिंग के दौरान लापता इंजीनियर का सुराग नहीं, नदी किनारे मिला सामान

बागेश्वर :पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक के दौरान लापता हुए सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने मंगलवार को भी पूरे दिन कई इलाकों में खोज अभियान चलाया…लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

खोज अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की टीमें शामिल हैं। सभी टीमें मिलकर संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं।

सर्च के दौरान नदी किनारे पत्थरों के बीच एक शर्ट और टोपी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि ये सामान लापता युवक का हो सकता है। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान और तेज कर दिया है।

कपकोट थाना प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि नदी में मिले सामान की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के आधार पर आशंका है कि युवक नदी के तेज बहाव में फंस गया हो…हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि खोज अभियान लगातार जारी है और हर संभावित स्थान पर तलाश की जा रही है।

प्रशासन ने खोज का दायरा बढ़ाते हुए पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों को भी सूचना भेजी है। वहां की पुलिस और स्थानीय टीमें भी अपने क्षेत्रों में युवक की तलाश कर रही हैं। पहाड़ी और कठिन रास्तों को देखते हुए अभियान सावधानी से चलाया जा रहा है।

अभिषेक चौहान नोएडा की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। उनका परिवार गुजरात में रहता है। बताया जा रहा है कि वह घूमने और ट्रेकिंग के लिए पिंडारी ग्लेशियर क्षेत्र पहुंचे थे। उनके लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी बागेश्वर पहुंच गए हैं और प्रशासन व रेस्क्यू टीमों के साथ खोज अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

सम्बंधित खबरें