भीषण गर्मी का कहर: मैदानों में पारा 41°C के करीब, पहाड़ों में बारिश के संकेत

देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से गर्मी अपने खूब तेवर दिखा रही है। चटक धूप और चुभती-जलती गर्मी जमकर झुलसा रही है। आलम यह रहा कि बीते रविवार के बाद सोमवार को भी दून का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। दिन के साथ-साथ शाम के समय भी लू जैसे हालात बने रहे।

आंकड़ों पर नजर डालें तो रविवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को यह आंकड़ा इतना ही रहा जिससे दिनभर लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही चटक धूप और तेज गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालात ऐसे रहे कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

गर्मी का असर सिर्फ दिन तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि शाम के समय भी लू जैसी गर्म हवाएं चलती रहीं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। आज मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। ऐसे में लू के प्रकोप से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। वहीं, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है। उधर मैदानी इलाकों से सटे पहाड़ी क्षेत्रों में गर्म हवाएं परेशान कर सकती हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 31 मई तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में अगले तीन-चार दिन तक राहत के कोई आसार नहीं है।

 

सम्बंधित खबरें