
देहरादून : देहरादून के राजपुर क्षेत्र में हुए अजय बटेजा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी हुमेंरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते अजय बटेजा के सौतेले भाई ने ही सुपारी देकर उनकी हत्या करवाई थी। इस मामले में उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जानकारी के अनुसार 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई अजय बटेजा की जाखन स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से कई संदिग्धों से पूछताछ की। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात शार्प शूटर जैकी भी इस हत्याकांड में शामिल है। पुलिस ने उसे मुजफ्फरनगर से पकड़कर पूछताछ की…जिसमें महिला आरोपी और अन्य लोगों के नाम सामने आए।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि अब महिला आरोपी हुमेंरा उर्फ जोया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं फरार चल रहे अमित भटेजा की तलाश जारी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
उधर रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक के आत्महत्या करने का मामला भी सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया….जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।









