उत्तराखंड में MDMA की बड़ी खेप पकड़ी, STF ने 3 आरोपियों को दबोचा

देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊँ यूनिट और कोतवाली टनकपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राज्य में इस साल की सबसे बड़ी एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स की खेप बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान तीन अंतरराज्यीय नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप लाए जाने का सटीक इनपुट मिला था। इस सूचना के आधार पर टनकपुर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग अभियान चलाया गया। घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया गया, जिनके कब्जे से कुल 244.06 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस प्रतिबंधित ड्रग्स की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी इमरान, आशीष और अभिषेक उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी हैं। आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। एसटीएफ अब पकड़े गए आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन्हें सप्लाई किया जाना था।

वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की टीमें तस्करों के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

सम्बंधित खबरें