सोमेश्वर में दर्दनाक हादसा: मकान गिरने से मां-बेटा-बेटी की मौत

Almora News: अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सोमेश्वर तहसील क्षेत्र के हवालबाग ब्लॉक अंतर्गत वडयूड़ा गांव में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार तड़के करीब दो बजे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा एक मकान में जा घुसा। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र राम, कल्पना आर्या पुत्री राजेंद्र राम और मनीष कुमार पुत्र राजेंद्र राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक महिला और उसके बेटा-बेटी शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीआरएफ, फायर सर्विस, आपदा प्रबंधन और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लगातार बारिश और मलबे के बीच टीमों ने कड़ी मशक्कत कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हैं।

 

सम्बंधित खबरें