
हल्द्वानी/नैनीताल। विदाई से पहले उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जमकर बरस रहा है। शुक्रवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार को भी जारी है। खासकर कुमाऊं मंडल में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने से सड़कें बंद हो गई हैं।
मौसम विभाग ने रविवार को देहरादून, टिहरी और पौड़ी में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है। प्रदेश के अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
नैनीताल जिले में बारिश से कई मार्ग प्रभावित
नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग डोलमार और ज्योलीकोट क्षेत्र में बंद हो गया है। सड़क पर मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ है। बारिश को देखते हुए यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
पिथौरागढ़ में 13 सड़कें बंद
पिथौरागढ़ में बारिश के बाद घाट क्षेत्र में लगातार पत्थर गिरने से मार्ग बाधित है। जिले में कुल 13 सड़कें बंद होने की सूचना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है।
बागेश्वर में भूस्खलन, हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
बागेश्वर के कांडा-खाईखाल के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर सड़क पर आने से गरुड़-बागेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चंपावत में 130 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में चंपावत के बनबसा में सबसे अधिक 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। टनकपुर में 113 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। चंपावत में राष्ट्रीय राजमार्ग फिलहाल सुचारू है, लेकिन तीन ग्रामीण सड़कें बंद हैं।
उत्तरकाशी में बारिश के साथ ऊंची चोटियों पर बर्फबारी
उत्तरकाशी जिले के सभी तहसील क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम से लगी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्बिल के पास पत्थर आने से बाधित हुआ है। एनएच की मशीनरी को मौके पर भेजा गया है।
चारधाम यात्रा पर रोक
लगातार खराब मौसम, बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी को देखते हुए चारधाम यात्रा भी रोक दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ समय तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। देहरादून, पौड़ी और टिहरी में अत्यंत भारी बारिश की आशंका है, जबकि अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।









