नैनीताल में दर्दनाक हादसा: 20 फीट नीचे गिरा 3 वर्षीय मासूम

नैनीताल | उत्तराखंड के नैनीताल में मध्य प्रदेश से घूमने आए एक पर्यटक परिवार के साथ बड़ा हादसा हो गया। होटल की दूसरी मंजिल के कमरे में खेल रहा तीन वर्षीय मासूम खिड़की से करीब 20 फीट नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल भ्रमण पर आए हुए थे। सोमवार सुबह उनका तीन वर्षीय पुत्र गौरांत होटल के कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान परिजनों का ध्यान कुछ क्षण के लिए हटते ही मासूम खिड़की से नीचे जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों की सहायता से घायल बच्चे को तत्काल बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

बी.डी. पांडे अस्पताल के इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. सुनील परिहार के अनुसार, बच्चे के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। हल्द्वानी में जांच के दौरान सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि होने पर बेहतर उपचार के लिए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।

फिलहाल दिल्ली में बच्चे का उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।

सम्बंधित खबरें