हल्द्वानी में प्रशासन सख्त: कई शस्त्र लाइसेंस रद्द, एक जिला बदर

हल्द्वानी/नैनीताल।जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई आरोपितों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रट ललित मोहन रयाल विभिन्न मामलों में शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के साथ एक आरोपी को जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार बनभूलपुरा क्षेत्र निवासी वसीम अहमद, जो पूर्व में गंभीर धाराओं और यूएपीए एक्ट के मामलों में निरुद्ध रह चुका है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा मकसूद हुसैन, मुनव्वर अली और कासिम खान के शस्त्र लाइसेंस भी जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा निरस्त कर दिए गए हैं।

वहीं काठगोदाम निवासी त्रिभुवन चंद पर शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने का आरोप है। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने उनका शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।

इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में आरोपित हरप्रीत विज उर्फ बुंदा निवासी गौजाजाली, बनभूलपुरा के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करते हुए उसे छह माह के लिए जनपद से बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने, अपराध में संलिप्त रहने और हथियारों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

सम्बंधित खबरें