कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, फायर NOC न मिलने पर चार कोचिंग सेंटर सील, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने दिए यह निर्देश

Coaching institute

हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने हल्द्वानी शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन मानकों का व्यापक ऑडिट किया गया। निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं पाई गई। सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। वहीं एक अन्य संस्थान को फायर सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि हल्द्वानी में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हैं, जहां हजारों छात्र अध्ययन करते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया।

सम्बंधित खबरें