
खुलासा, नेपाल भागने की फिराक में दो आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर, 26 जून। उधमसिंहनगर पुलिस ने किच्छा में हुए चर्चित हत्याकांड का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धाधा फार्म क्षेत्र से दबोच लिया। मामले में मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर घायल अवस्था में उपचाराधीन है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक घटना के पीछे सोशल मीडिया पर चल रहा विवाद और आपसी रंजिश मुख्य वजह रही।
पुलिस के अनुसार 25 जून को थाना किच्छा क्षेत्र के महराया लालपुर रोड पर छह-सात लोगों ने विक्रांत नामक युवक पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां कंचन देवी की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर समेत छह आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 228/2026 धारा 109(1)/191(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मृत्यु के बाद मुकदमे में धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी गई।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज की निगरानी में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 26 जून को धाधा फार्म क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वरुण कुमार (21 वर्ष) निवासी रामेश्वरपुर, थाना किच्छा तथा सुशील (24 वर्ष) निवासी शिमला पिस्तौर, थाना रुद्रपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक विक्रांत और उनके बीच सोशल मीडिया पर लगातार बयानबाजी और विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने मौका पाकर विक्रांत पर फायरिंग की थी।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर फिलहाल घायल अवस्था में उपचाराधीन है और उसकी चोटों की जांच कराई जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी अपराध में शामिल अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।









