
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी करने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई ₹3 लाख 17 हजार 500 की नकदी और दस्तावेज बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि बच्ची नगर नंबर-1 स्थित उनके कार्यालय का शटर और ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।









