हरिद्वार में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 84,500 रुपये की फर्जी करेंसी बरामद

नकली नोट

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500-500 रुपये के 169 नकली नोट…जिनकी कुल कीमत 84,500 रुपये है, बरामद किए गए हैं। सभी आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार इनमें दो पिता और उनके बेटे शामिल हैं।

 

पुलिस ने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रविवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र में मेला अस्पताल के पास चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे…लेकिन टीम ने टिबड़ी तिराहे के पास उन्हें पकड़ लिया।

 

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500 रुपये के कुल 169 नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पंजाब के एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये देकर एक लाख रुपये की नकली करेंसी खरीदी थी। उनका मकसद हरिद्वार के बाजारों में इन नोटों को चलाना था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ नकली नोट पहले ही बाजार में खपाए जा चुके हैं।

 

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है। एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया है…जो जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य एजेंसियां भी जांच में जुटी हैं।

सम्बंधित खबरें