
मुंबई में चमकी हल्द्वानी की शतरंज प्रतिभा, तेजस तिवारी ने बढ़ाई फिडे रेटिंग
हल्द्वानी। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आयोजित ऑल इंडिया चेस मास्टर सीजन-4 में हल्द्वानी के शतरंज खिलाड़ी तेजस तिवारी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपनी फिडे रेटिंग में 43 अंकों का इजाफा किया है।
23 से 28 मई तक रशियन सेंटर, मुंबई में आयोजित छह दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से 150 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कड़े मुकाबलों के बीच तेजस ने आठ राउंड में पांच जीत और एक ड्रॉ के साथ कुल 5.5 अंक अर्जित किए। उनके इस प्रदर्शन ने न केवल उन्हें प्रतियोगिता में सम्मानजनक स्थान दिलाया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय रेटिंग में भी महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई।
सुभाष नगर, हल्द्वानी निवासी साढ़े 8 वर्षीय तेजस दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा तीन के छात्र हैं। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार भागीदारी और स्थिर प्रदर्शन के कारण वे उत्तराखंड के उभरते शतरंज खिलाड़ियों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
विश्व रिकॉर्ड धारक तथा लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित तेजस तिवारी अब तक देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित अनेक राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। शतरंज के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता और प्रतियोगी अनुभव उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।









