एकलव्य विद्यालय में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों-अभिभावकों का धरना!

धरना प्रदर्शन

एकलव्य विद्यालय में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों-अभिभावकों का धरना!

विधायक भुवन कापड़ी ने विद्यालय पहुंचकर लिया जायजा, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट ने सीएम से की वार्ता; जांच में दोषी पाई गई प्रधानाचार्य हटाई गईं!

करन सतवाल खटीमा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खटीमा में कथित अनियमितताओं और विद्यार्थियों को खराब गुणवत्ता का खाद्यान्न परोसे जाने के आरोपों को लेकर सोमवार को छात्रों और अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में धरना देकर विरोध जताया। आरोप है कि विद्यालय में बच्चों को खराब एवं एक्सपायरी डेट का चावल, खराब गुड़ सहित अन्य खाद्य सामग्री परोसी जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक भुवन कापड़ी विद्यालय पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विधायक ने छात्रों और अभिभावकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधाओं के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप लगाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट भी एकलव्य विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई और जांच के सख्त निर्देश दिए।

इसके बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें विद्यालय की प्रधानाचार्य को दोषी पाए जाने की बात सामने आई। जांच के बाद प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने की कार्रवाई की गई है।

विद्यालय में सामने आई अनियमितताओं के बाद छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

सम्बंधित खबरें