
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र स्थित होटल में उत्तर प्रदेश के युवक का शव नग्नावस्था में बरामद हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों के शनिवार को यहां पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।
डायल 112 पर बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि हनुमान मंदिर कुसुमखेड़ा के पास स्थित होटल में युवक मृत हालत में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की तो लाल साहब पटेल (30) पुत्र गिरिजाशंकर पटेल निवासी एचएन-61 मेजा तहसील मरियाहू जौनपुर यूपी नग्नावस्था में बाथरूम के फर्श पर पड़ा मिला।
होटल स्वामी सुशील जायसवाल ने बताया युवक सुबह 6:28 बजे होटल आया था। रात आठ बजे उसके कमरे से चिल्लाने की आवाज आई। दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो युवक अचेत पड़ा था। कमरे और बाथरूम में चारों ओर उल्टी बिखरी हुई थी।
मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके यहां पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम होगा और युवक के यहां पहुंचने का कारण पता चलेगा। -अमित कुमार सैनी, सीओ









