उत्तराखंड चुनाव 2027: पुष्कर सिंह धामी ही होंगे भाजपा का चेहरा, नितिन नवीन का बड़ा एलान

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड की राजनीति को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विराम लगा दिया है। उन्होंने गुरुवार को स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही भाजपा का मुख्य चेहरा होंगे। दिल्ली में एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में मौजूदा नेतृत्व पर पूरा भरोसा जताया।

भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री धामी के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद धामी सरकार ने विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा है। नवीन के अनुसार, गुड गवर्नेंस ही भाजपा की सबसे बड़ी यूएसपी है, जिसे धामी बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं।

बीती 20 मार्च को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से ही नेतृत्व परिवर्तन की खबरें चर्चा में थीं। हालांकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस आधिकारिक बयान के बाद अब ‘किंतु-परंतु’ की स्थिति समाप्त हो गई है। सियासी जानकारों का मानना है कि सीएम धामी अपनी पारदर्शी कार्यप्रणाली से केंद्रीय आलाकमान का दिल जीतने में सफल रहे हैं।

हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उत्तराखंड दौरे के दौरान सरकार के कार्यों को सराहा था। पार्टी का मानना है कि धामी के नेतृत्व में आगामी चुनावों में और भी बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। अब पूरी पार्टी एकजुट होकर मुख्यमंत्री धामी के चेहरे के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

सम्बंधित खबरें