
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह के निर्माण की दिशा में सरकार ने कदम आगे बढ़ाया है। सोमवार को सचिव राज्य संपत्ति एवं आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने प्रस्तावित भवन की कार्ययोजना की समीक्षा की। इस दौरान करीब 19.30 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निर्माण कार्य पर विस्तार से चर्चा हुई।
सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य अतिथि गृह का भवन आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय पहाड़ी वास्तुशैली में तैयार किया जाए। इसका डिजाइन ऐसा हो, जिससे बागेश्वर की स्थानीय पहचान और पहाड़ की वास्तुकला की झलक दिखाई दे समीक्षा बैठक में सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य अतिथि गृह के मुख्य भवन और प्रवेश द्वार पर राज्य अतिथि गृह का लोगो और साइनेज स्पष्ट और आकर्षक तरीके से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों के निर्माण में स्थानीय परिवेश और संस्कृति को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
प्रस्तावित अतिथि गृह में डोरमेट्री की व्यवस्था को लेकर भी बदलाव के निर्देश दिए गए हैं। सचिव ने डोरमेट्री को 20 लोगों के ठहरने की क्षमता के अनुसार विकसित करने को कहा। इसके अलावा उपलब्ध अतिरिक्त जगह का बेहतर इस्तेमाल करते हुए वहां स्टोर बनाने का सुझाव दिया गया।
बैठक में कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड बागेश्वर ने प्रस्तावित निर्माण की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। सचिव ने बैठक में दिए गए सुझावों और आवश्यक बदलावों को योजना में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद संशोधित प्रस्ताव तैयार कर शासन के सामने रखा जाएगा।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि सरकारी भवनों के निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता के साथ स्थानीय परिस्थितियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। बागेश्वर का राज्य अतिथि गृह केवल ठहरने की सुविधा नहीं होगा… बल्कि इसमें क्षेत्र की पहाड़ी पहचान और वास्तुशैली को भी प्रमुखता दी जाएगी।
बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी अभिषेक रुहेला, संयुक्त सचिव सुरेंद्र सिंह रावत, नियोजन विभाग के प्रतिनिधि अयाज अहमद और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ऋषिराज वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









