(बड़ी खबर)गोरापड़ाव डकैती मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार व नकदी बरामद

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, 18 हजार रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा व स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूटपाट की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को वादी नारायण दास ने बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने उनके कार्यालय/गैराज में घुसकर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन व अंगूठियां लूट लीं।

मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल रहे।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान शुरू की। इससे पहले 21 अगस्त को वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को 22 अगस्त को नई दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर-जैतपुर मोड़ से, जबकि यश सिडाना को 23 अगस्त को हल्द्वानी और अफजल मलिक को किच्छा से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में यश सिडाना निवासी किच्छा, अमनदीप सिंह निवासी जैतपुर नई दिल्ली, शिवराज सिंह निवासी अमरिया पीलीभीत और अफजल मलिक निवासी बक्सपुर, अमरिया पीलीभीत शामिल हैं। बरामदगी में यश सिडाना से क्रेटा कार और 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस, अमनदीप से स्कॉर्पियो कार और तमंचा व दो कारतूस, शिवराज से तमंचा व एक कारतूस तथा अफजल मलिक से 18 हजार रुपये नकद, 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक, यश सिडाना के खिलाफ किच्छा थाने में वर्ष 2022 में मारपीट, रास्ता रोकने और धमकी देने संबंधी मुकदमा दर्ज है। डकैती कांड के खुलासे में लगी पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।

 

सम्बंधित खबरें