
नैनीताल। उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विरासत का प्रतीक 124वें वर्ष में प्रवेश कर चुके श्री नंदा देवी महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को सभा भवन में मातृ शक्ति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन जगदीश बावड़ी एवं प्रो. ललित तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा और वरिष्ठ अधिवक्ता चक्रधर बहुगुणा सहित अन्य लोगों ने महोत्सव की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि श्री नंदा देवी महोत्सव नैनीताल की धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसलिए महोत्सव को सफल बनाने में सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।
16 से 23 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बैठक में महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। इसके अनुसार 16 सितंबर को सभा भवन में महोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद 17 सितंबर को कदली नगर भ्रमण, 18 सितंबर को मूर्ति निर्माण के साथ सभा भवन में बच्चों की क्विज एवं लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित होगी।
बैठक में अशोक साह, राजेंद्र बिष्ट, बिमल चौधरी, बिमल साह, भुवन बिष्ट, हरीश राणा, मोहित लाल साह, दिनेश भट्ट, गोधन सिंह, मिथिलेश पांडे, धर्मेंद्र शर्मा, सभासद लता दफौटी, गजाला कमाल, गीता उप्रेती, शीतल कटियार, गीता बिष्ट, विवेक वर्मा, प्रदीप जेठी, पुष्पा बावरी, रेशमा टंडन, सुनीता वर्मा, राजेंद्र लाल साह, देवेंद्र लाल साह सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में सभी ने महोत्सव को भव्य, गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।









